बहन की शह पर बना जालसाज!

नई दिल्ली। राजधानी में लंबे समय से जालसाजी के धंधे में संलग्न भाई-बहन की जोड़ी अपने हैरतअंगेज कारनामों से दिल्ली पुलिस की नींद उड़ा दी थी। बहरहाल दिल्ली पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद इस जोड़ी में भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि बहन अबतक फरार है। बहन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास जारी है।

खबर के अनुसार दिल्ली के कीर्ति नगर थाने की पुलिस ने संदीप भास्कर नामक एक ऐसे शातिर जालसाज युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने बहन के साथ मिलकर पिछले 10 सालों में दर्जनों मासूम लोगों के साथ करोड़ो रूपये की जालसाजी की। सूत्र की माने, तो भाई-बहन का यह गिरोह इतना शातिर है, कि पश्चिमी जिले की स्पेशल स्टाफ, साइबर सेल और थाना पुलिस इन दोनों भाई बहन की तलाश में पिछले चार महीनों में इनके ठिकानों पर दर्जनों बार दबिश दी। लेकिन बंटी-बबली भाई-बहन ने हर बार पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो जाते थे। लेकिन पुलिस ने अपनी तरफ से इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किये और आखिरकार पुलिस ने संदीप भास्कर को दिल्ली के एक पांच सितारा होटल से गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों भाई-बहन ने पिछले कई सालों में दर्जनों मासूम लोगों को अपना शिकार बनाया और करोड़ो रूपये की धोखाधड़ी की।

संदीप भास्कर पर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यो में धोखाधड़ी के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। जबकि इसकी बहन के खिलाफ़ दिल्ली में कई मुक़दमे दर्ज हैं। बहन अभी पुलिस की गिरफ्त से फरार है। पुलिस इसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि संदीप भास्कर अलग-अलग नामों से चार पेन कार्ड यूज कर रहा था। इसने अपनी बहन के साथ मिलकर कई बैंको के साथ भी करोड़ो की धोखाधडी को अंजाम दिया है। बताया जाता है कि संदीप इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। इसने कुछ सालों पहले वसंत कुंज में रहने वाले एक 95 साल के बुजुर्ग के साथ 35 से ज्यादा करोड़ की धोखाधडी की और उस सीनियर सिटीजन पर हमला करके उनको जान से मारने का भी प्रयास किया। ये मुकदमा वसंत विहार थाने में दर्ज है। पुलिस अब बहन की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है, ताकि यह पता लग सके कि भाई-बहन ने मिलकर अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*