दिल्ली: नरेला में नाबालिग का कत्ल, मयूर विहार में युवती की संदिग्ध मौत!

नई दिल्ली। रोहिणी जिले के नरेला इलाके में एक नाबालिक लड़के की हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की शिनाख्त विकास भारद्वाज के रूप में हुई है। स्थानीय पुलिस ने इस बाबत अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खबर लिखी जाने तक आरोपियों का कोई सुराग नही मिला था।

खबर के अनुसार नरेला थाना क्षेत्र स्थित पाना पापोसिया का रहने वाला 17 वर्षीय विकास गुरुवार की शाम करीब पांच बजे घर से मार्किट के लिए निकला था। रात्रि करीब नौ बजे तक वह घर नही लौटा, तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। फिर परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े। परिजनों को पूछताछ के दौरान स्थानीय मार्किट में पता चला कि विकास शाम करीब छह बजे एक लड़के के साथ कही जाते दिखाई दिया था। उसके बाद वह किसी को नज़र नही आया था। विकास कहां गया और उसके साथ कौन लड़का था, इस बाबत जानकारी नही मिल सकी।

अब परिजन व रिश्तेदार विकास की तलाश में लग गए। लेकिन हर संभावित कोशिश के बाद भी विकास का गायब होना रहस्यमय बना रहा। उसका कोई सुराग नही मिला। इसके बाद विकास के पिता अनिल भारद्वाज ने देर रात नरेला थाने में भादवी की धारा 363 के तहत विकास के अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया था।

शुक्रवार की सुबह नरेला थाने की पुलिस को सूचना मिली कि गौतम कॉलोनी के पीछे स्थित रेलवे लाइन के नीचे खेत मे एक 16-17 वर्षीय लड़के का रक्तरंजित शव पड़ा है। मामला हत्या का है। इस सूचना पर नरेला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां रक्त से सराबोर एक नाबालिक लड़के का शव पड़ा था। मामला हत्या का था, क्योंकि उसका गला किसी तेजधार हथियार से रेत दिया गया था।

मृतक की शिनाख्त विकास भारद्वाज के रूप में हुई, जिसका अपहरण का मुकदमा स्थानीय थाने में दर्ज था।

बहरहाल स्थानीय पुलिस ने सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एक अन्य घटना पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके की है, जहां एक होटल के बाथरूम में गुरुवार की शाम करीब सात बजे रहस्यमयी हालात में एक युवती का शव मिला। मृतका की शिनाख्त नीलिमा के रूप में हुई है, जो इस होटल में ठहरी हुई थी।

बहरहाल स्थानीय पुलिस ने जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर, शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। पुलिस तफ्तीश जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*