दिल्ली: PCR कर्मी पर हमला करने वाले लुटेरे पिंजरे में

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र स्थित भगत सिंह कॉलोनी में आज तड़के दिल्ली पुलिस के पीसीआर कर्मी पर हमला करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनकी पहचान सन्नी(30) व फरहाज खान(28) के रूप में हुई है।

पुलिस के हत्थे चढ़े दोनो बदमाश दिल्ली के मुकुंदपुर के रहने वाले हैं। बता दें कि लूटपाट व वाहन चोरी के धंधे में इलाके में करीब डेढ़ साल से सक्रिय इन दोनो बदमाशों पर पिछले साल का एक लूटपाट का मुकदमा पहले से बुराड़ी थाने में दर्ज है।

खबर के अनुसार घटना आज तड़के तीन बजे की है। यह दोनों आरोपी बुराड़ी थाना क्षेत्र स्थित भगत सिंह कॉलोनी में चोरी के इरादे से एक बाइक की लॉक तोड़ रहे थे। उसी दौरान उधर से गुजर रही PCR (पुलिस कंट्रोल रूम) के कर्मियों को मामला संदिग्ध लगा। इतने में पुलिस को देख कर दोनो बदमाश भागने लगे। ऐसे में पीसीआर की जिप्सी पर ड्यूटी पर तैनात दिल्ली पुलिस के ASI अमर सिंह व ASI यशपाल को उनपर शक गहरा गया और यह दोनों पुलिसकर्मी उनके पीछे दौड़ पड़े। तभी दोनो बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से इन दोनो पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ पत्थरबाज़ी शुरू कर दी। घटना में ईंट-पत्थर ASI अमर सिंह के सिर और आंख पर लगे। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बावजूद ASI अमर सिंह ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कुछ दूर पीछा कर PCR गन मैन के सहयोग से उनमे एक बदमाश को पकड़ लिया। पकड़े गये बदमाश की पहचान सन्नी के रूप में हुई। जबकि दूसरा बदमाश भागने में सफल हो गया। भागने वाले बदमाश के बारे में पता चला कि उसका नाम फरहाज खान है।

उस दौरान सिविल लाइन  सब डिवीजन के ACP अशोक त्यागी उधर ही इलाका गश्त पर थे। एसीपी त्यागी को घटना के बारे में पता चला, तो उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए वायरलेस मैसेज प्रसारित कर इलाके की चारो तरफ से घेराबंदी करा दी, ताकि आरोपी भागने न पाये।

सिविल लाइन सब डिवीजन के एसीपी अशोक त्यागी के निर्देशन तथा बुराड़ी थाने के सब इंस्पेक्टर अमित के नेतृत्व में गठित एक विशेष पुलिस टीम घटना के कुछ देर बाद ही दूसरे आरोपी फरहाज खान को भी मुकंदपुर चौक से गिरफ्तार कर लिया।

बहरहाल पुलिस जांच जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*