बिहार: जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई अहम फैसले

– ई.मुकेश/सनंत/नजीम

पटना(एजेंसी)। बिहार में सत्तारूढ़ जदयू की हो रही राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई अहम् मसलों पर फैसले लिए जाने के संकेत है।
कार्यकारिणी की बैठक से पूर्व कल पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की हुई बैठक में विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा से ऐसे ही कयास लगाये जा रहे हैं।
हालांकि इस बैठक के बाद पार्टी महासचिव के.सी.त्यागी ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कई चीजों को स्पष्ट कर दिया।उन्होंने कहा कि जदयू अरुणाचल प्रदेश की ताजा घटनाक्रम से आहत है। पार्टी का बिहार छोड़कर कहीं गठबंधन नहीं है।जदयू देशभर में अपने संगठन को मजबूत करेगा और बंगाल में चुनाव लड़ेगा। ऐसे कई अहम् मसले हैं।
श्री त्यागी के इन कथनों से बहुत कुछ साफ हो गया है कि बिहार में सत्तारूढ़ जदयू एवं भाजपा के बीच सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह तो मीडिया के सवालों से बचते रहे।

के सी त्यागी

हालांकि बिहार भाजपा के प्रमुख संजय जायसवाल एवं उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि राज्य में सब कुछ ठीक ठाक है। श्री कुमार के अभिभावकत्व में सरकार विकास के कार्य में लगी है।
उधर राजद के वरिष्ठ नेता शिवा नन्द तिवारी ने कहा कि श्री कुमार जैसे नेता का भाजपा जिस तरह से उपहास कर रही है उससे तो यही लगता है कि उन्हें निर्णय लेने का वक्त आ गया है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अब यह सरकार लंबी चलने वाली नहीं है।
पूर्व सांसद एवं जाप सुप्रीमों पप्पू यादव ने तो एक कदम आगे बढ़कर यहां तक कह दिया कि श्री कुमार को महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए श्री लालू यादव को पहल करना चाहिए।
इन तथ्यों से साफ है कि जदयू एवं भाजपा के बीच जारी अंतःकलह की वजह से ही राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार तथा विधान परिषद में रिक्त पदों को भरने का मामला लंबित है।
उधर जदयू कोई मौका खोना नहीं चाहता है। इसी क्रम में उसने पश्चिम बंगाल में 75 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा पर कायम है। वहीं भाजपा भी उसे लंबा झेलने के मूड में नहीं है।भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश में उसके सात में से छह विधायकों को अपने पाले में मिला कर साफ संकेत दे दिया है। भाजपा के एक अन्य नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान ने श्री कुमार से गृह विभाग तक छोड़ने की मांग की है।
ताज़ा राजनीतिक घटनाक्रम पर जदयू प्रमुख एवं बिहार के मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कल पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा था कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इन बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की जायेगी।एल.एस।