दिल्ली: देश मे कोरोना के साथ आंधी तूफान से जनजीवन बेहाल

– अरविन्द पाठक (वरिष्ठ पत्रकार)

नई दिल्ली(एजेंसी)। देश में कोरोना की दूसरी लहर के साथ तटीय राज्यों में आयी भीषण आंधी -तूफान एवं वर्षा से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इसका असर तटीय राज्यों से जुड़े झारखंड एवं बिहार पर भी पड़ा है। इन इलाकों में भी बड़े पैमाने पर हानि होने की खबर है।
तटीय राज्यों ओडिसा, पश्चिम बंगाल,आंध प्रदेश एवं केरल के अलावा झारखंड एवं बिहार में भी तवाही हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ राज्यों का सर्वेक्षण एवं हालात का मौके पर जायजा भी लिया है।

उधर पिछले दो महीने से देश में जारी कोरोना का कहर अभी भी बरकरार है। अस्पतालों एवं श्मशान स्थलों में कोहराम थमने का नाम नहीं ले रहा है। गली-मोहल्लों में सन्नाटा पसरा हुआ है।हर जगह लोग अपनों को खोने से गमगीन हैं।
हालांकि देश में आज पहली बार 45 दिनों में सबसे कम कोरोना के 1.73 लाख नये मामले सामने आये। सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले दो दिनों से दैनिक नये मामलों की संख्या दो लाख से कम है। रिकवरी रेट बढ़कर 90.80 प्रतिशत होने का दावा किया गया है।
इसके साथ ही दैनिक पॉजिटिविटी रेट 8.36 प्रतिशत बताया गया है,जो लगातार पांचवें दिन 10 प्रतिशत से कम है।
स्वास्थ मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताविक देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या गिरकर आज 22,28,724 हो गयी। 10 मई 2021 को अपने आखिरी चरम पर पहुंचने के बाद से सक्रिय मामलों की संख्या में कमी आयी है। पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों की संख्या में कुल 1,14,428 की कमी आई है। यह कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों का 8.04 प्रतिशत है।
इन आंकड़ों के मुताविक दैनिक नये मामलों की संख्या में कमी के साथ देश में लगातार 13 वें दिन कोरोना के नये मामलों की संख्या तीन लाख से कम दर्ज की गयी है। पिछले दो दिनों से नये मामलों की संख्या दो लाख से कम दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में 1,73,790 नये मामले सामने आए हैं। इस दौरान 2,84,601 लोग स्वस्थ हुए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है, कि पिछले 24 घंटे में कुल 20,80,048 व्यक्तियों की जांच हुई, जिसके साथ अब तक हुए जांच की कुल संख्या बढकर 34.11 करोड़ हो गयी है।
देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण में आज तक टीके की 20.89 करोड़ से ज्यादा खुराक देने का दावा किया गया है। इस मामले में भारत अमेरिका के बाद 20 करोड़ खुराक का ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने वाला दूसरा देश बन गया है।एल.एस।