दिल्ली: ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत ‘दिल्ली ट्रैफिक पुलिस’ द्वारा ‘साइकिल रैली’ का आयोजन??

नई दिल्ली। दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा आज ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत ‘राष्ट्रीय पुलिस स्मारक’ से ‘इंडिया गेट’ तक “साइकिल रैली” का आयोजन किया गया I
आयोजन की शुरुआत में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के स्पेशल सीपी (जोन-2) IPS एस. एस. यादव ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर IPS संजय अरोड़ा व स्पेशल सीपी (ट्रैफिक, जोन-1) IPS वीरेंद्र सिंह का ‘राष्ट्रीय पुलिस स्मारक’ पर पौधा देकर स्वागत किया।

इसके बाद दिल्ली के पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने सुश्री तूलिका मान को भारत और दिल्ली पुलिस परिवार का नाम रोशन करने के लिए सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि सुश्री तूलिका ने हाल ही में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों-2022 में जूडो में रजत पदक जीता है। यह दिल्ली पुलिस में तैनात महिला सहायक उप निरीक्षक श्रीमती अमृता मान की बेटी हैं, जो वर्तमान में फिंगर प्रिंट ब्यूरो, अपराध शाखा, दिल्ली पुलिस में तैनात हैं।

अवसर पर साइकिल पर सवार 75 यातायात पुलिस कर्मियों की रैली को सुश्री तूलिका मान और दिल्ली के पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया I
इस अवसर की शोभा बढ़ाने के लिए दिल्ली के पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा सहित कार्यक्रम में उपस्थित दिल्ली पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को धन्यवाद अभिवादन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
बता दें कि रैली का समापन इंडिया गेट पर हुआ, जहां यातायात पुलिस कर्मियों ने देशभक्ति के संगीत के बीच स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष को उत्साह के साथ मनाया।??