बिहार: महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर पेंच फंसा!

– डॉ.समरेन्द्र पाठक

पटना(एजेंसी)। बिहार महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर अभी तक पेंच फंसा हुआ है। इस वजह से उम्मीदवारों की सूची जारी करने में विलंब हो सकता है।
पार्टी सूत्रों ने आज यहां बताया कि राजद-170, कांग्रेस-30, वामपार्टियां-20, रालोसपा-12, वीआईपी-8 तथा जेएमएम और रांकपा के लिए 3 सीटें छोड़ी जायेगी।
सूत्रों ने बताया कि राजद ने अपने अधिकांश विधायकों सहित 100 से अधिक प्रत्याशियों को क्षेत्र में जुट जाने के लिए हरी झंडी दे दी है। इनमें पार्टी के अधिकांश पुराने लोग हैं, जिन्हें लोक सभा प्रत्याशी बनाया गया था। उन्हें इस बार विधान सभा चुनाव नहीं लड़ाने के संकेत है।
कांग्रेस अपने विधायकों को पुनः उतारने के अलावा बाकी सीटों पर प्रत्याशी तय नहीं कर पा रही है, क्योंकि उसे अभी यह पता ही नहीं है, कि कौन सी सीट उसे मिलने वाली है? वैसे कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है, कि उसे 50 से 60 सीटें मिलेगी। इसी वजह से कांग्रेस में आपसी मतभेद भी सामने आने लगा है।
गठबंधन में शामिल अन्य दलों की स्थिति साफ नहीं है, क्योंकि उन्हें कितनी एवं कौन सी सीटें मिलेगी? यह अभी तय नहीं है।सबसे विकट स्थिति रालोसपा एवं वीआईपी की हो गयी है। इन दलों के नेता क्रमशः उपेन्द्र कुशवाहा एवं मुकेश सहनी की बेसब्री बढ़ती जा रही है। हो सकता है, इन्हें उचित सम्मान नहीं मिले और इन्हें अपना रास्ता खुद देखना पड़े। हालांकि ये अंतिम क्षणों तक महागठबंधन में बने रहने के मूड में हैं।