दिल्ली: संगम विहार पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर बदमाश ‘अक्की’

नई दिल्ली। राजधानी में करीब एक साल से आतंक का पर्याय बने कुख्यात अपराधी आकाश उर्फ अक्की त्यागी को संगम विहार थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ‘आकाश-अक्की गिरोह’ का सरगना 24 वर्षीय अक्की दो संगीन मामलों में फरार था। पुलिस की हर कोशिश के बाद भी यह हाथ नही आ रहा था। ऐसे में इसकी गिरफ्तारी निःसंदेह दिल्ली पुलिस की एक बड़ी कामयाबी है।

संगम विहार थाने के SHO इंस्पेक्टर उपेन्द्र कुमार के निर्देशन तथा तेज-तर्रार सब इंस्पेक्टर रोहित चाहर के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने इसे गिरफ्तार किया है। इस टीम में ASI कृष्ण, हेड कांस्टेबल रामकेश व कांस्टेबल विकास सहित करीब आधा दर्जन अनुभवी पुलिसकर्मी शामिल थे।

चर्च कॉलोनी, संगम विहार, थाना-नेबसराय, दिल्ली के रहने वाले इस शातिर बदमाश के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में डकैती, हत्या का प्रयास व धमकी के अलावा करीब एक दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं। जबकि दो मामलों में यह फरार था। इनमे पहला मामला सफदरजंग इन्क्लेव थाना इलाके का है, जहां इसने 10 दिन पहले शिकार पर फायरिंग कर लूट की घटना को अंजाम दिया था। वहीं दूसरा मामला दिल्ली कैंट थाना इलाके का है। इस घटना में इसने साथियों के साथ मिलकर एक लड़की को गोली मार दी थी।

शातिर अपराधी अक्की के गिरोह में आकाश, बंटी और तुषार नामक नामी बदमाश हैं, जिनके साथ मिलकर यह आपराधिक वारदात अंजाम देता था। यह गिरोह वारदात के दौरान चोरी या लूट का वाहन इस्तेमाल करता था।

अक्की के पास से पिछले दिनों संगम विहार इलाके से चुराई गई एक पल्सर मोटर साइकिल के अलावा तीन महंगे स्मार्ट फोन की बरामदगी हुई है।

बहरहाल पुलिस जांच जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*