बिहार: कोशी क्षेत्र में नाव व बांस पुल के सहारे बूथ पर पहुंचे मतदाता

– ई.मुकेश/सुभाष

मधेपुर, मधुबनी (एजेंसी)। बिहार का फुलपरास विधान सभा क्षेत्र एक बार फिर उस समय सुर्खियों में आ गया, जब इस क्षेत्र के कोशी पीड़ित लोगों को बूथ तक पहुँचने के लिए नाव एवं बांस पूल का सहारा लेना पड़ा।
कोशी क्षेत्र के करहारा एवं ललवारही के लोगों को इन्ही साधनों के जरिये बूथ तक पहुंचते देखा गया। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं।
इस क्षेत्र की विडंबना है, कि आजादी के 72 वर्षो बाद भी यहाँ बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। इस क्षेत्र का एक मात्र भेजा गांव का बाजार हाल तक टापू बना रहता था। यहां की दास्तांन नीतीश सरकार की विकास के दावे की हकीकत को उजागर करता है।
वर्ष 2010 में हुए परिसीमन से पहले यह इलाका मधेपुर विधान सभा क्षेत्र का हिस्सा था, लेकिन उसके बाद से फुलपरास में आ गया। इस विधान सभा क्षेत्र में इस बार 57 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
फुलपरास विधान सभा क्षेत्र 42 वर्ष पहले उस समय सुर्खियों में आया था, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री जन नायक कर्पूरी ठाकुर यहां से उपचुनाव लड़ने आये थे।
उस समय प्रतिपक्ष के नेता डॉ.जग्गनाथ मिश्र ने श्री ठाकुर के खिलाफ राम जयपाल सिंह यादव को मैदान में उतारा था और दोनों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था।एल.एस।