विहार के 5 डकैत दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच(IGIS, द्वारका) की टीम ने पिछले कई वर्षों से राजधानी में आतंक का पर्याय बने कुख्यात लूटेरा दिगम्बर मंडल को उसके चार अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक पिस्टल, दो मैगज़ीन्स व दो जिंदा कारतूस की बरामदगी के साथ साउथ दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में कुछ माह पहले घटित एक बड़ी लूट का भी खुलासा हुआ है। निःसंदेह यह दिल्ली पुलिस की एक बड़ी कामयाबी है।

( यशपाल सिंह यादव, इंस्पेक्टर, क्राइम ब्रांच, दिल्ली पुलिस )

पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिगम्बर मंडल(35), मोहम्मद जहांगीर(37), राजेश उर्फ राकेश(22), वशील उर्फ वशीयत(39) व जुल्फिकार अंसारी उर्फ रेहान(27) के रूप में हुई है। इनमें दिगम्बर मंडल, मोहम्मद जहांगीर और राजेश विहार के मधुबनी जिले के रहने वाले हैं। जबकि वशील विहार के दरभंगा व जुल्फिकार विहार के पटना शहर का रहने वाला है। इनमें गिरोह का सरगना दिगम्बर मंडल बताया जाता है।

खबर के अनुसार पांचों आरोपियों का ताल्लुक विहार के साधारण परिवार से है। यह सभी शॉर्ट-कट रास्ते से जल्द अमीर बनने की ललक व भौतिक सुख-सुविधा की चाहत में अपराध जगत में उतरे थे। इनमे कुछ आरोपियों पर विहार में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी विहार पुलिस की नजर में आ गये थे। लिहाजा वहां की पुलिस से बचने के लिये दिल्ली आ गए थे। बहरहाल यह गिरोह दिल्ली में सक्रिय था। इन दिनों गिरोह के सदस्य पॉश कॉलोनियों में स्थित घरों में तमंचे की नोक पर ताबड़तोड़ लूटपाट की घटना को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार गिरोह का सरगना दिगम्बर मंडल इससे पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। इसे दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नारायणा इलाके में हुए सात लाख की लूट के एक मामले में वर्ष 2015 में गिरफ्तार किया था। उस मामले में दिगम्बर मंडल एक साल पहले जेल से बाहर आया। इसके बाद इसने अपना गिरोह पुनः संगठित कर ताबड़तोड़ वारदातों से दिल्ली पुलिस की नींद हराम कर दी थी।

सभी आरोपियों को दिल्ली के द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया गया है। इन्हें दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच(IGIS) के ACP आदित्य गौतम के निर्देशन तथा तेज-तर्रार व अनुभवी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह यादव के नेतृत्व में गठित एक विशेष पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच की इस टीम में सब इंस्पेक्टर लोकेश, ASI गोविंद सिंह, रंधावा व भूप सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल रविन्द्र सिंह तथा कुलदीप सिंह शामिल थे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*