उत्तरप्रदेश: यूपी के वरिष्ठ पत्रकार पंडित उपेंद्र नाथ मिश्र नही रहे

गोरखपुर(एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार पं. उपेन्द्र नाथ मिश्र का आज सुबह यहां ह्रदय गति रुक जाने के कारण निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार सुबह पांच बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
श्री मिश्र के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो पुत्रों अभिषेक व अभिनव और पुत्री अर्चना हैं। वह कुशीनगर जिले के फर्दाहन गांव के रहने वाले थे। उनका जन्म 7 अगस्त 1952 को हुआ था।
श्री मिश्र पिछले पांच दशकों से प्रदेश के विभिन्न समाचार पत्रों से जुड़े थे। वह पत्रकार आंदोलनों के अग्रिम पंक्ति के नेता थे। हाल ही में देश की एक प्रतिष्ठित समाचार एजेंसी बचाओ आंदोलन से जुड़े थे।
यह पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए कई बार जेल भी गए। बता दें, पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर वह जाने माने वरिष्ठ पत्रकार डॉ.समरेन्द्र पाठक सहित दर्जनों पत्रकारों के साथ 28 अक्टूबर 2017 को पार्लियामेंट थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गए थे।
श्री मिश्र के निधन पर अनेक हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।