रांची(झारखंड)। दिल्ली के बुराड़ी और हजारीबाग खुदकुशी के बाद अब रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित बोरियो में एक ही परिवार के सात सदस्यों की खुदकुशी का मामला सामने आया है। घटना के बाद राजधानी रांची दहल उठी है।
घटना की प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आर्थिक तंगी को मूल वजह बताया है। पुलिस की आशंका को मकान-मालिक के साथ-साथ पड़ोसी भी सही बता रहे हैं।
मृतक परिवार भागलपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना का पता सोमवार की सुबह चला, जब परिवार के सदस्य देर तक सो कर नही उठे। इसके बाद किसी अनहोनी की आशंका से पड़ोसियों ने स्थानीय पुलिस को इस बाबत जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया, तो कमरे में दीपक झा, उनकी पत्नी सोनी झा, दीपक के माता-पिता और बच्चे के शव पड़े मिले थे।
खबर के अनुसार दीपक झा अपने माता-पिता के अलावा पत्नी सोनी झा,भाई रूपेश झा और अपने बेटी-बेटे के साथ रह रहे थे। पिछले सात सालों में परिवार ने तीन बार मकान बदला था। परिवार के पास कोई स्थायी रोजगार नही था, जिसके कारण आए दिन परिवार के सामने आर्थिक तंगी बनी रहती थी।
वही घटना की छानबीन के लिए एसएसपी अनीश गुप्ता,डीआईजी अमोल वेणुकांत होमकर घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। एसएसपी ने किराए में रहने वाले अन्य लोगों से लंबी पूछताछ कर परिवार के बारे में जानकारी ली है। साथ ही मकान मालिक से भी परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दो साल पूर्व दीपक झा की बहन ने स्वंय शादी कर घर छोड़ दिया था।
घटना पर सीएम रघुवर दास ने शोक जताय़ा है और इसे समाज के लिए बेहद दुखद बताया है साथ ही पुलिस को मामले की त्वरित छानबीन करते हुए सत्य का उदभेदन करने का निर्देश है।
Leave a Reply