
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया। युवा कांग्रेस के वर्कर शुक्रवार दोपहर को विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से पथराव हुआ, जिस पर पुलिस ने लाठियां चला दी। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प में 23 लोग घायल हो गए।
डीएसपी प्रमोद शुक्ला ने बताया, ‘घायलों में 9 पुलिसकर्मी हैं, जिनमें एएसपी समेत पांच महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। वहीं यूथ कांग्रेस के 14 कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायलों में शामिल चार लड़कियों की हालत गंभीर है। जिन्हें इलाज के लिए इंदिरा गांधी मेडकिल कॉलेज में भेज दिया गया है।’
इससे पहले, यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से रैली निकालते हुए विधानसभा पहुंचे और प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प हुई। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। पथराव में एएसपी और महिला कांस्टेबल समेत तीन पुलिस वाले घायल हैं। उधर, लाठीचार्ज में 10 युकां कार्यकर्ता को भी चोटें लगी हैं।
वहीं, लाठीचार्ज के विरोध में यूंका कार्यकर्ता ने रेलवे स्टेशन के पास शिमला-चंडीगढ़ हाईवे रोक दिया। कार्यकर्ता उन पर हुए लाठीचार्ज का विरोध जता रहे हैं। हाईवे पर काफी लंबा जाम लग गया है। हालात काफी तनावपूर्ण हो गई है। युकां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प के बाद राजधानी शिमला में माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
पूरा शहर छावनी में तब्दील हुआ है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस ने सीएम का सरकारी आवास सुरक्षा घेरे में लिया है। फिलहाल, पुलिस ने किसी को हिरासत में नहीं लिया है। शिमला के एसपी का कहना है कि हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं।
Leave a Reply