दिल्ली: नगर निगम की पांच सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज

अपर्णा कुमार/प्रीति चौधरी

नई दिल्ली(एजेंसी)। दिल्ली नगर निगम की पांच सीटों पर 28 फरवरी को होने वाले उप चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है।
निगम के पांच सीटों पर होने वाले उप चुनाव के लिए दिल्ली के तीनों बड़े दल आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस सक्रिय हो गए हैं। उप चुनाव को जीतने के लिए सत्ता पक्ष एवं विपक्ष नेे तैयारियां तेज कर दी हैं। ये पार्टियां जल्दी ही उम्मीदवारों का एलान करने वाली है। इससे इत्तर अन्य दलों ने भी साझा प्रत्याशी खड़े करने के लिए कोशिशें तेज कर दी है।
दिल्ली निगम की जिन सीटों पर उप चुनाव होने हैं, उनमें उत्तरी दिल्ली नगर निगम की रोहिणी साउथ और शालीमार बाग नॉर्थ एवं पूर्वी दिल्ली नगर निगम की त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी और चौहान बांगड़ वार्ड शामिल हैं।इनमें से शालीमार बाग नॉर्थ महिला के लिए जबकि त्रिलोकपुरी एवं कल्याणपुरी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त एस.के.श्रीवास्तव एवं सचिव संदीप मिश्रा ने बताया कि उप चुनाव के लिए एक फरवरी को अधिसूचना जारी की जायेगी। इन सभी सीटों पर उम्मीदवार 8 फरवरी तक नामांकन कर सकेंगे। 10 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 13 फरवरी तक नाम वापस लिया जा सकेगा।उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को मतदान होगा तथा तीन मार्च को वोटों की गिनती होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इन सभी सीटों पर शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव करवाने के लिए सारी व्यवस्था कर ली गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस व अन्य की मदद ली जा रही है। ये सभी सीटें दिल्ली में सत्तारूढ़ आप के कब्जे वाली है। आप की कोशिश होगी कि सभी सीटों पर कब्जा हो, लेकिन भाजपा पूरी जोर लगाएगी। वजह यह है कि इससे पार्टी की साख के बारे में संदेश जायेगा।एल.एस।