दिल्ली: बुद्ध विहार का बहुचर्चित ‘कृष्ण हत्याकांड’ का खुलासा, इंस्पेक्टर खेमेन्द्र पाल सिंह की टीम की कामयाबी

नई दिल्ली। राजधानी के बुद्ध विहार थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुए बहुचर्चित ‘कृष्ण त्यागी हत्याकांड’ का खुलासा हो गया है। मृतक की पत्नी 23 वर्षीया प्रियंका निकली वारदात की मास्टरमाइंड, जिसे उसके आशिक के 20 वर्षीय करण के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि इन दोनों के अलावा वारदात की योजना में संलिप्त प्रियंका का एक अन्य आशिक वीरू वर्मा फरार है। पुलिस टीम ने वारदात में इस्तेमाल प्रियंका की चुन्नी(दुपट्टा) की भी बरामदगी कर ली है। निःसंदेह यह दिल्ली पुलिस की एक बड़ी कामयाबी है।

आरोपी प्रियंका


यह कामयाबी मिली है, बुद्ध विहार थाने के SHO इंस्पेक्टर खेमेन्द्र पाल सिंह के निर्देशन तथा इंस्पेक्टर(तफ्तीश) सुधीर कुमार के नेतृत्व में गठित एक विशेष पुलिस टीम को। इस टीम में SI करिश्मा, कांस्टेबल दीपक व कांस्टेबल सुल्तान शामिल थे।

आरोपी करण


बता दें 18 अगस्त को ब्रह्म शक्ति अस्पताल में प्रियंका अपने पति कृष्ण त्यागी को अस्पताल में भर्ती के लिये लाई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। प्रियंका का कहना था, कि उसका पति काफी दिनों से बीमार था, आज ज्यादा तबियत बिगड़ी, तो वह इलाज के लिये अस्पताल ला रही थी। उसी दौरान रास्ते मे इन्होंने दम तोड़ दिया। जबकि शव मुआयना के बाद मृतक के गले पर दबाए जाने के निशान व खरोच को देखकर मामला संदिग्ध व हत्या का लगा। लिहाजा अस्पताल से इस घटना की सूचना बुद्ध विहार थाने को दे दी गई।

इंस्पेक्टर खेमेन्द्र पाल सिंह


अस्पताल से प्राप्त सूचना पर बुद्ध विहार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की सूक्ष्मता पूर्वक पड़ताल की, तो साफ था, मामला हत्या का है। वहीं डॉक्टरों ने भी मौखिक तौर पर स्पस्ट कर दिया कि मृतक की हत्या गला दबाकर की गई है। जबकि प्रियंका का अब भी यही कहना था, कि उसके पति की मौत बीमारी से हुई है।
बहरहाल तब बुद्ध विहार थाने की पुलिस ने शव व घटनास्थल सहित अन्य सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले को हल करने के लिए बुद्ध विहार थाने के SHO इंस्पेक्टर खेमेन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान मृतक की पत्नी प्रियंका से पुनः मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो इसबार प्रियंका जल्द टूट गई। उसने खुलासा किया कि वह हत्या की मुख्य गुनाहगार है। उसने अपने आशिक करण के साथ मिलकर चुन्नी से गला घोंटकर पति कृष्ण की हत्या की थी। बकौल प्रियंका, घटना की साजिश में उसका एक अन्य आशिक वीरू वर्मा भी शामिल था।
अपराध स्वीकारोक्ति के साथ पुलिस टीम ने प्रियंका को गिरफ्तार कर, इसके आशिक करण को भी गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपी वीरू वर्मा अबतक फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का प्रयास जारी है।
प्रियंका ने अपने खुलासे में बताया, कि उसका पति उम्र में उससे 20 साल बड़ा था और अक्सर बीमार भी रहता था। इस वजह से वह पति से संतुष्ट नही हो पाती थी। इसी वजह से उसके नाजायज ताल्लुकात करण व वीरू वर्मा से बन गए थे। लेकिन पति कृष्ण इस अनैतिक रिश्ते के खिलाफ था। इस रिश्ते को लेकर अक्सर पति-पत्नी के बीच झगड़ा भी होता था। जबकि प्रियंका के लिये अब अपने दोनो आशिकों से जुदाई असहय थी। वह इन दोनों के बिना नही रह सकती थी। वहीं प्रियंका, पति की संपत्ति अपने नाम हस्तांतरित कराना चाहती थी। लेकिन कृष्ण इसके लिये तैयार नही था। इसी खुंदक में प्रियंका ने अपने दोनो आशिकों के साथ हत्या की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया था। प्रियंका की सोच थी, कि कृष्ण की हत्या के बाद उसकी संपत्ति पर भी उसका हक हो जाएगा व प्यार में भी फिर किसी का कोई अवरोध नही रहेगा।