दिल्ली: 4 करोड़ की हेरोइन की बरामदगी के साथ ‘अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट’ का खुलासा, क्राइम ब्रांच के जॉइंट पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार के मार्गदर्शन में ACP गिरीश कौशिक की टीम की कामयाबी

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने नाइजीरियाई नागरिकों द्वारा संचालित एक बड़े ‘अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट’ का खुलासा किया है। मामले में गिरोह की दो प्रमुख महिला ड्रग्स तस्करों की गिरफ्तारी हुई है, जिनके पास से उत्तम क्वालिटी की दो किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी हुई है। बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्किट में 4 करोड़ बतायी जाती है। निःसंदेह यह दिल्ली पुलिस की एक बड़ी कामयाबी है।
यह कामयाबी मिली है, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के जॉइंट कमिश्नर आईपीएस आलोक कुमार के मार्गदर्शन, क्राइम ब्रांच (IGIS) के ACP गिरीश कौशिक के निर्देशन तथा महिला सब इंस्पेक्टर अनुपमा राठी व सब इंस्पेक्टर युद्धवीर सिंह के संयुक्त नेतृत्व में गठित एक विशेष पुलिस टीम को। पुलिस टीम में थानेदार रामलाल, हेड कांस्टेबल राजीव सहरावत, कांस्टेबल ओम प्रकाश, मनजीत, महेश, गजानंद, दीपक, मुकेश, शशि कपूर, महिला कांस्टेबल ममता व रूबी शामिल थी।

IPS आलोक कुमार(जॉइंट पुलिस कमिश्नर, क्राइम)

पुलिस टीम की गिरफ्त में आई दोनो महिला तस्करों की पहचान 56 वर्षीया कैरोलिना फोकम, निवासी मोहन गॉर्डन, उत्तमनगर (दिल्ली) और 40 वर्षीय मधु, निवासी मोहन गॉर्डन, उत्तमनगर (दिल्ली) के रूप में हुई है। दिल्ली में दोनो आरोपी महिलाएं अपने परिवार से अलग साथ रह रही थीं। वैसे अवैध ड्रग्स तस्करी में लिप्त इनमे कैरोलिना फोकम मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने है। जबकि मधु मूलतः पंजाब की है।

ACP गिरीश कौशिक

पकड़ में आई दोनो महिला तस्करों की जहां तक आपराधिक फेहरिस्त की बात है, दोनो वर्ष 2013 में अलग-अलग मामलों में बंद हो चुकी हैं। इनमे कैरोलिना फोकम को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। जबकि मधु दिल्ली में धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार हुई थी।
जेल में ही इनकी अच्छी दोस्ती हुई। उस समय इनके साथ नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में एक नाइजीरियाई नागरिक हेनरी भी बंद था। हेनरी से जेल में आरोपी महिलाओं की अच्छी दोस्ती हो गई। उसी दौरान हेनरी ने इन महिलाओं को अपने साथ ड्रग्स तस्करी में जुड़ने के लिए तैयार कर लिया। इसके बाद जमानत पर बाहर आने के बाद दोनो आरोपी महिलाएं हेनरी के गिरोह से पूरी तरह जुड़ गईं।
पुलिस टीम ने दोनो आरोपी महिलाओं को राजधानी के द्वारका मोड़ के पास से उस समय गिरफ्तार किया, जब यह दोनो कैब से हेरोइन की सप्लाई देने पंजाब जा रही थी।
दोनो आरोपी महिलाओं ने पुलिस टीम द्वारा पूछताछ में खुलासा किया कि उन्हें नाइजीरियाई नागरिक हेनरी व उसके साथी पाकिस्तान व अफगानिस्तान से हेरोइन लाकर देते थे। इसके बाद यह दोनो पंजाब, हरियाणा व कोलकाता के विभिन्न शहरों में वहां के ड्रग्स तस्करों को थोक हेरोइन की आपूर्ति करती थी। आरोपी महिलाओं ने बताया, दिल्ली से बाहर ड्रग्स की सप्लाई देने जाने पर उन्हें प्रत्येक यात्रा के लिए एक लाख रुपये मिलते थे।
बहरहाल पुलिस टीम की तफ्तीश जारी है। वहीं इस ड्रग्स सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के पुलिस टीम का प्रयास लगातार जारी है।